बेरीनाग कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की पात्रता पर घमासान: 75% उपस्थिति के विरोध में धरने पर बैठे छात्र नेता, पुलिस ने हटाया।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग (पिथौरागढ़): राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में आगामी छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियों के बीच अर्हता नियमों को लेकर विवाद गहरा गया है। चुनाव में 75 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता लागू किए जाने के विरोध में छात्रसंघ अध्यक्ष पद के दावेदार बबीता असवाल और गौरव बोरा अपने समर्थकों संग बुधवार शाम करीब 4 बजे महाविद्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए।
धरनारत छात्र नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक उपस्थिति की इस बाध्यकारी शर्त को वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों के धरने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरीश कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को देखते हुए उपनिरीक्षक पूजा मेहरा व कॉलेज स्टाफ ने बबीता असवाल को धरने से उठाकर परिसर को खाली करवाया। इसके बाद आक्रोशित छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर एकत्र हो गए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया।

- प्राचार्य का रुख:
मामले पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.एम. पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव में 75 प्रतिशत उपस्थिति का नियम कॉलेज प्रशासन का मनमाना फैसला नहीं है, बल्कि यह लिंगदोह समिति की अनिवार्य सिफारिशों और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लागू किया गया है।

