मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा ने किया पिथौरागढ़ फायर स्टेशन का औचक निरीक्षण; व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा ने आज अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र पिथौरागढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद मिले। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज चंडाक पहुंचकर वहां की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं (फायर रिस्क) का भी संयुक्त मुआयना किया।

निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन प्रभारी एलएफएम (LFM) नारायण सिंह मेहरा के नेतृत्व में स्टाफ अपनी-अपनी ड्यूटियों पर तैनात पाया गया। सीएफओ ने स्टेशन की विभिन्न ड्यूटियों और कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। जनपद में पहुंचे नवागंतुक अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (FSSO) सीमा रावत और अजय भंडारी को संबोधित करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि वे अपने 2 माह के व्यावहारिक प्रशिक्षण के दौरान विभागीय अनुशासन, कार्यप्रणाली और दायित्वों को गंभीरता से सीखें और पूर्ण निष्ठा के साथ अपना प्रशिक्षण पूरा करें।
इसके बाद अधिकारी ने कर्मचारी बैरक, वाहन गैरेज और पूरे स्टेशन परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई और रख-रखाव का जायजा लिया। स्टेशन कार्यालय, स्टोर और एमटी (MT) शाखा के अभिलेखों की गहन जांच की गई, जहां सभी सरकारी दस्तावेज दुरुस्त और अद्यतन पाए गए।
अपने संबोधन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने आपातकालीन सेवाओं में टीम के सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अग्निशमन और रेस्क्यू उपकरणों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा जाए।
निरीक्षण के उपरांत मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने स्टेशन प्रभारी नारायण सिंह मेहरा, FSSO सीमा रावत और FSSO अजय भंडारी के साथ मेडिकल कॉलेज चंडाक का संयुक्त फायर रिस्क निरीक्षण किया और आवश्यक सुरक्षा मानकों की समीक्षा की।

