एलएसएम परिसर छात्रसंघ चुनाव: लवराज वर्मा बने अध्यक्ष, एबीवीपी प्रत्याशी को 161 मतों से हराया; समर्थकों में जश्न का माहौल।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। लक्ष्मण सिंह महर (एलएसएम) परिसर छात्रसंघ चुनाव के बहुप्रतीक्षित परिणाम घोषित हो गए हैं। बेहद रोमांचक और प्रतिष्ठापूर्ण मुकाबले में लवराज वर्मा ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी प्रत्याशी बृजू चौधरी को 161 मतों के अंतर से पराजित किया।
मतगणना के अनुसार, लवराज वर्मा को कुल 1,165 मत प्राप्त हुए, जबकि बृजू चौधरी को 1,004 मतों से संतोष करना पड़ा। परिसर की छात्र राजनीति के लिहाज से अध्यक्ष पद के इस परिणाम को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव परिणाम सामने आते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और परिसर में जश्न शुरू हो गया।
अन्य पदों के परिणाम:
- उपाध्यक्ष: कार्तिक पाटनी ने 1,194 मत हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी शुभम उप्रेती को 777 मत मिले।
- छात्रा उपाध्यक्ष: नैना बिष्ट 1,009 मत पाकर विजयी रहीं। उन्होंने कविता पंत (613 मत) और मनीषा मेहता (433 मत) को मात दी।
- सचिव: प्रवीन बिष्ट पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।
- संयुक्त सचिव: गुंजन सामंत ने 1,317 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी तमन्ना को 539 मत मिले।
- कोषाध्यक्ष: कड़े और दिलचस्प मुकाबले में नेहा कठायत 880 मत पाकर विजयी रहीं। उन्होंने कल्पना डसीला (805 मत) और संध्या (298 मत) को हराया।

