चमोली पुलिस का नशे के खिलाफ कड़ा प्रहार: देवाल ब्लॉक में 160 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट, ग्रामीणों को सख्त चेतावनी।

थराली (हरेंद्र बिष्ट)।
थराली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत” संकल्प और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत चमोली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों की खेती के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) चमोली की संयुक्त टीम ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लहलहा रही भांग की फसल को नष्ट किया।
विकासखंड देवाल के अंतर्गत तोरती और आसपास के क्षेत्रों में एसओजी प्रभारी सतेंद्र सिंह बुटोला के नेतृत्व में एक संयुक्त अभियान चलाया गया। इस टीम में एसओजी के साथ पुलिस चौकी देवाल, वन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने तोरती क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए लगभग 90 नाली भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई भांग की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
विगत दो दिनों की कार्रवाई पर नजर डालें तो संयुक्त टीम ने रामपुर और तोरती गांवों में कुल मिलाकर करीब 160 नाली भूमि पर अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती को नष्ट कर दिया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई और अवैध उत्पादकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी से स्थानीय स्तर पर अवैध खेती में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से भांग की खेती करना एक संज्ञेय अपराध है और यदि कोई भी व्यक्ति इस गतिविधि में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस दौरान टीम ने ग्रामीणों को भांग व चरस के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि आसानी से मिलने वाले इन नशीले पदार्थों के कारण क्षेत्र के युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जो उनके जीवन और भविष्य के लिए बेहद घातक है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास प्राकृतिक रूप से उगने वाली जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करें और ‘नशामुक्त समाज’ के निर्माण में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
एसओजी प्रभारी सतेंद्र सिंह बुटोला ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में जिले भर में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। चमोली पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि नशे के सौदागरों और अवैध खेती करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

