संत रविदास जी की 650वीं जयंती: उत्तराखंड में समरसता यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में अहम बैठक संपन्न।

देहरादून संवाददाता।
देहरादून: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित “समरसता संकल्प अभियान” के तहत उत्तराखंड से गुजरने वाली समरसता यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में एक महत्वपूर्ण योजना बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य यात्रा के सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन के साथ-साथ समाज के अंतिम छोर तक सामाजिक समरसता और एकता का संदेश पहुंचाना रहा। इस दौरान यात्रा में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एवं संगठन महामंत्री अजेय कुमार (फणीन्द्रनाथ शर्मा) का प्रेरक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभियान को घर-घर तक ले जाने और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में गंगोलीहाट विधानसभा की पूर्व विधायक मीना गंगोला विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री दीप्ति भारद्वाज, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, स्वराज विद्वान सहित पार्टी के कई विधायकगण एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने इस ऐतिहासिक यात्रा को प्रदेशभर में भव्य व सफल बनाने का संकल्प लिया।

