बेरीनाग में शॉर्ट सर्किट से ब्यूटी पार्लर में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग: नगर के शहीद चौक स्थित एक ब्यूटी पार्लर में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे संचालिका को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शहीद चौक पर सुनीता (पत्नी होशियार सिंह) ‘जय मां ब्यूटी पार्लर’ का संचालन करती हैं। शाम लगभग 5 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट होने से पार्लर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी के चलते पार्लर में रखा कॉस्मेटिक का सामान, फर्नीचर और अन्य उपकरण पूरी तरह जल गए।
घटना के बाद पीड़िता द्वारा स्थानीय थाने में मामले की प्राथमिकी (तहरीर) दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर नुकसान का आकलन और घटना की जांच शुरू कर दी है।

