पिथौरागढ़ पुलिस का सख्त एक्शन: महिला को टक्कर मारकर भाग रहे शराबी चालक समेत 3 पर शिकंजा, वाहन सीज।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। जनपद में शांति, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस का धरपकड़ अभियान जारी है। पुलिस ने शराब के नशे में खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर महिला को टक्कर मारने वाले चालक समेत सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वाले कुल 3 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की है।
नशे में महिला को मारी टक्कर, भागने की कोशिश नाकाम
कस्बा पिथौरागढ़ के घंटाकरण क्षेत्र में कुमौड़ निवासी विनीत कुमार ने शराब के नशे में धुत होकर लापरवाही से दोपहिया वाहन दौड़ाते हुए एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि आरोपी चालक मौके पर रुकने के बजाय फरार होने की फिराक में लग गया।
डायल 112 पर सूचना मिलते ही कोतवाली पिथौरागढ़ के उपनिरीक्षक ललित डंगवाल पुलिस टीम के साथ तत्काल हरकत में आए और घेराबंदी कर आरोपी चालक को दबोच लिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया है। घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वालों पर कार्रवाई
- कस्बा पिथौरागढ़: सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाकर शांति व्यवस्था बिगाड़ रहे शंकर राम को हेड कांस्टेबल कैलाश चन्द्र जोशी और हेड कांस्टेबल दिगम्बर सिंह ने हिरासत में लेकर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की।
- गंगोलीहाट: थाना गंगोलीहाट क्षेत्र में सरेआम उत्पात मचाने और लोक न्यूसेंस फैलाने के मामले में हेड कांस्टेबल आनन्द बल्लभ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकाश जोशी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पिथौरागढ़ की मीडिया सेल ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की यह सख्त मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

