berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने दिखाई संवेदनशीलता, बांस पटान के पास सड़क हादसे में घायलों को तुरंत पहुंचाया अस्पताल। 

बेरीनाग संवाददाता। 

​बेरीनाग।: गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक फकीर राम टम्टा ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है। बनकोट में आयोजित रामलीला मंचन में शामिल होने जा रहे विधायक ने रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे में घायलों की मदद कर उन्हें समय पर अस्पताल भिजवाया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 2 नवंबर की है। विधायक फकीर राम टम्टा बनकोट जा रहे थे, तभी गंगोलीहाट-बांस पटान के समीप एक टियागो कार (संख्या UK 05 F 8644) और पल्सर मोटरसाइकिल (संख्या DL 3S BT 1827) की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

​हादसे में बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान हरीश बिष्ट (26 वर्ष), पुत्र नन्दन सिंह, निवासी धतिया डूंगरा/भगवा पानी धार-2 (जिला बागेश्वर) तथा पवन सिंह (35 वर्ष), पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी उमरोला के रूप में हुई है।

​वहीं कार में चालक सहित कुल चार लोग (दो महिलाएं, एक बच्चा और चालक) सवार थे जो थल की ओर जा रहे थे। कार को कुनाल गोस्वामी (26 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण सिंह गोस्वामी, निवासी ग्राम मयूर, थल चला रहे थे। कार में निशा कोहली (26 वर्ष) पत्नी जगदीश चन्द्र कोहली (निवासी तड़ीगाँव, तहसील थल), श्रीमती पार्वती देवी (69 वर्ष) पत्नी लक्ष्मण सिंह (निवासी थल) तथा कार्तिक (उम्र लगभग 7 वर्ष) सवार थे।

​हादसे को देखते ही विधायक टम्टा ने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर घायलों की सुध ली। उन्होंने बिना समय गंवाए स्थानीय स्तर पर एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाई और गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवारों को बेहतर व त्वरित उपचार हेतु अल्मोड़ा अस्पताल भिजवाया।

​विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा, “एक जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता के हर सुख-दुःख में साथ खड़ा रहना मेरा पहला नैतिक दायित्व है। जनसेवा केवल आयोजनों में जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़े होकर मदद करना ही सच्ची सेवा है।” उन्होंने दोनों घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और सकुशल घर लौटने की ईश्वर से प्रार्थना की। विधायक की इस त्वरित मदद की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।

Share This News