GeneralLatestNewspithoragarhuttarakhand

जौलजीबी पुलिस की ईमानदारी: मेले में खोया नकदी व दस्तावेजों से भरा पर्स स्वामी को लौटाया


न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़ (जौलजीबी)। जौलजीबी पुलिस ने अपनी कार्यनिष्ठा और ईमानदारी का परिचय देते हुए मेले में खोए एक व्यक्ति के पर्स को ढूंढकर सकुशल उसके वास्तविक स्वामी के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों और मेला व्यापारियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

​मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात्रि ड्यूटी के दौरान जौलजीबी मेला मैदान में गश्त कर रहे अपर उपनिरीक्षक (ASI) महेश पन्त को जमीन पर एक लावारिस पर्स पड़ा मिला। जांच करने पर पर्स के भीतर ₹1,700 नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।

​पुलिस टीम ने तुरंत दस्तावेजों के आधार पर पर्स के मालिक की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पर्स स्वामी दान सिंह (निवासी- तीतरी) से संपर्क साधा और उन्हें जौलजीबी पुलिस सहायता केंद्र बुलाया। आवश्यक सत्यापन के बाद नकदी और सभी दस्तावेजों सहित पर्स दान सिंह को सौंप दिया गया।

​अपना खोया हुआ पर्स और जरूरी कागजात सुरक्षित वापस पाकर दान सिंह के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पिथौरागढ़ पुलिस और अपर उपनिरीक्षक महेश पन्त का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Share This News