FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़ के भूनिगांव में मिले प्रागैतिहासिक काल के शैलचित्र, एवरेस्ट विजेता मनीष कसनियाल ने की खोज।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से महज छह किलोमीटर दूर स्थित भूनिगांव (मढ़-सिलोली) में प्राचीन शैलचित्र मिलने से क्षेत्र की पुरातात्विक विरासत को लेकर नई उम्मीद जगी है। एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही मनीष कसनियाल ने इस ऐतिहासिक स्थल की खोज की है। प्रारंभिक निरीक्षण में इन शैलचित्रों के प्रागैतिहासिक काल के होने की प्रबल संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों की जांच में पुष्टि होने पर यह खोज जिले के इतिहास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है।

​लखुडियार और बेरीनाग के शैलचित्रों से है समानता

मनीष कसनियाल के अनुसार, भूनिगांव की चट्टान पर उकेरी गई आकृतियां अल्मोड़ा के लखुडियार और बेरीनाग क्षेत्र में मिले प्राचीन शैलचित्रों से काफी मेल खाती हैं। चट्टान पर अर्धचंद्र, त्रिशूल और मानव आकृतियों के धुंधले निशान दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही सीधी, तिरछी, लहरदार रेखाएं और वृत्ताकार व खगोलीय प्रतीत होने वाले चिह्न भी मौजूद हैं। शैलचित्रों से लगभग 100 मीटर के दायरे में चट्टानों पर बने दो गड्ढेनुमा निशान (कपमार्क) भी मिले हैं, जिनका संबंध प्राचीन मानव गतिविधियों से माना जा रहा है।

​स्थानीय महिला की सूचना पर सामने आया स्थल

इस महत्वपूर्ण स्थल की जानकारी भूनिगांव निवासी बसंती देवी ने मनीष कसनियाल को दी थी। सूचना मिलते ही मनीष ने राजू पुनेड़ा के साथ मौके पर पहुंचकर स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं, खोज की खबर मिलने के बाद नारायण नगर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रेमलता पंत और मुवानी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश पंत ने भी मनीष कसनियाल के साथ मौके पर पहुंचकर शैलचित्रों का जायजा लिया। दोनों प्राचार्यों ने इन्हें प्रागैतिहासिक काल से जुड़ा बताते हुए इस खोज के लिए मनीष की सराहना की।

​वैज्ञानिक सर्वेक्षण की मांग

मनीष कसनियाल ने इतिहासकारों, पुरातत्वविदों और भूविज्ञान संस्थानों से इस स्थल का विस्तृत वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वैज्ञानिक अध्ययन से इन शैलचित्रों की वास्तविक आयु, आकृतियों के गूढ़ अर्थ और तत्कालीन मानव सभ्यता के बारे में सटीक जानकारी मिल सकेगी।

Share This News