बेरीनाग में कल निकलेगी अखिल विश्व गायत्री परिवार की भव्य कलश यात्रा, तैयारियां पूरी।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग (पिथौरागढ़)। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में नगर के तपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने जा रहे पावन धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर शनिवार (28 नवंबर) को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 9:00 बजे तपेश्वर महादेव मंदिर से कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कलश यात्रा भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति की गरिमा और पवित्रता का प्रतीक है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन में आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों का संचार करना है।
मातृशक्ति से विशेष आह्वान
आयोजकों ने क्षेत्र की समस्त मातृशक्ति से विशेष आग्रह किया है कि वे पारंपरिक परिधानों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलश यात्रा की शोभा बढ़ाएं। यात्रा के समापन के पश्चात कार्यक्रम स्थल पर ही सभी श्रद्धालुओं और परिजनों के लिए भोजन प्रसाद (भंडारे) की व्यवस्था भी की गई है।
गायत्री परिवार के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का अनुरोध किया है।

