FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

टूल किट वितरण में देरी पर भड़के डीएम, श्रम व आरडब्ल्यूडी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और टूल किट वितरण में हो रही देरी की शिकायतों पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शनिवार को श्रम विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

​निरीक्षण के दौरान डीएम ने सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार से पंजीकृत श्रमिकों को दी जा रही सुविधाओं और उपकरणों के वितरण की जानकारी ली। पात्र लाभार्थियों को टूल किट उपलब्ध कराने में सुस्ती देख जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी लाभार्थी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ ही अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

​मौके पर श्रम कार्ड बनवाने और नवीनीकरण कराने पहुंचे श्रमिकों से भी डीएम ने सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नए कार्ड बनाने व नवीनीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालय न आना पड़े।

​इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति और निर्माण कार्यों की प्रगति जांची। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

Share This News