शिक्षा के साथ संस्कार एवं आत्मनिर्माण के महत्व को समझना जरूरी: प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय।
न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग (पिथौरागढ़): राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में शनिवार को प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में एक दिवसीय व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया।
व्याख्यानमाला के मुख्य वक्ता आनंद श्रीवास्तव, डॉ. अमरनाथ सारस्वत और भीम सिंह अधिकारी ने गायत्री मंत्र, यज्ञ एवं भारतीय संस्कृति की महत्ता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने प्राचीन गुरुकुल शिक्षा पद्धति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थी के चरित्र, बुद्धि, व्यक्तित्व और आत्मबल का समग्र विकास करना है। कार्यक्रम में गायत्री मंत्र के जप एवं साधना के माध्यम से विद्यार्थियों को एकाग्रचित्त होकर अध्ययन करने, सकारात्मक चिंतन अपनाने और जीवन में श्रेष्ठ संस्कारों को धारण करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने आत्मनिर्माण को जीवन की सफलता का मुख्य आधार बताया।
इस अवसर पर युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को नष्ट कर देता है। युवाओं को नियमित ध्यान, योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर चरित्रवान बनने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक संस्कार और आत्मनिर्माण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


