मौसम विभाग ने आठ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा के दौर की चेतावनी जारी की है।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बुधवार, 29 जुलाई को आठ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील बताते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई गई है।
वृहस्पतिवार, 30 जुलाई को भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहेगा। बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी और टिहरी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 31 जुलाई और 1 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। विभाग का कहना है कि 2 अगस्त तक मानसून की गतिविधियां सक्रिय बनी रहेंगी, जिससे कई स्थानों पर रुक-रुककर तेज बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मौसम विभाग ने नागरिकों, यात्रियों और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों से दूरी बनाए रखने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है। मौसम

