केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी आशा नौटियाल ने बड़ी जीत दर्ज की।
एनएचएल नेटवर्क।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी आशा नौटियाल ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत को 5600 से अधिक वोटो से शिकस्त दी है। भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल की जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी है। उपचुनाव में वोटो की गिनती शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव 2024 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई थी। इस सीट पर छह प्रत्याशी मैदान में थे, वहीं कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही थी। बता दें कि गत 20 नवम्बर को केदारनाथ विस के लिए उप चुनाव संपन्न हुए थे। निर्वाचन में कुल 58.89 प्रतिशत मतदान हुआ। भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल को 23814 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत को 18191 मत प्राप्त हुए हैं। भाजपा ने 5623 वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं निर्दलीय त्रिभुवन चौहान को 9303 वोट मिले।
कौन है आशा नौटियाल जानिए।
आशा नौटियाल 2017 में जब भाजपा से टिकट नहीं मिला तो बगावत कर निर्दलीय चुनाव मैदान में कूद पड़ी थीं, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इसके बाद भाजपा ने आशा नौटियाल को पार्टी में वापस ले लिया और इसके बाद उन्हें महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। वर्तमान में भी आशा नौटियाल भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं।
आशा नौटियाल 2002 से 2012 तक केदारनाथ विधायक रह चुकी हैं। वर्ष 2017 में उनका टिकट काटकर कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुईं शैलारानी रावत को प्रत्याशी बनाया गया था, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत से हार गई थीं। इस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल ने बंपर जीत दर्ज की है।
