सड़क किनारे खड़ी कार बनी परेशानी की वजह, व्यापारियों और होमगार्ड ने खुलवाया जाम।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता कैलाश चन्याल।
बेरीनाग (पिथौरागढ़) बेरीनाग नगर में यातायात व्यवस्था की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई। मंगलवार को मुख्य बाजार में एक शिक्षक द्वारा अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर खरीदारी के लिए चले जाने से करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे दूर-दराज जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय व्यापारियों ने वाहन चालक को ढूंढकर किसी तरह जाम खुलवाया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। बाद में मौके पर पहुंचे होमगार्ड कर्मियों ने यातायात को सुचारू कराया।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि बेरीनाग बाजार में रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन इसके समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जाम के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

