FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

नियम तोड़ने वाले 150 वाहनों के चालान, 15 सीज: आदि कैलाश यात्रा और मोस्टामानू मेले से पहले परिवहन विभाग सख्त।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। आगामी आदि कैलाश-ॐ पर्वत यात्रा और मोस्टामानू मेले को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में जिलेभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत बीते सप्ताह 150 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 15 वाहनों को सीज कर दिया गया। दिन के साथ-साथ रात में भी की जा रही इस चेकिंग से वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

​यात्री सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

परिवहन विभाग का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय मार्गों पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना फिटनेस, परमिट, बीमा, पंजीकरण और कर (Tax) के चल रहे वाहनों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कागजों में कमी या तकनीकी खामी पाए जाने पर वाहन को सीधे सीज किया जाएगा।

​इन मामलों पर रहेगी विशेष नजर:

  • ​निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग: निजी वाहनों (Private Vehicles) में किराया लेकर सवारी ढोने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
  • ​दस्तावेज व हिल एंडोर्समेंट: बिना वैध हिल एंडोर्समेंट लाइसेंस (Hill Endorsement Driving License) के पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाने वाले चालकों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।
  • ​क्षमता से अधिक सवारी और रूट उल्लंघन: निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री बैठाने या आवंटित मार्ग (Route) के विपरीत वाहन चलाने पर परमिट निरस्त कर वाहन सीज किया जा सकता है।

​वाहन स्वामियों को एआरटीओ की चेतावनी

एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि यात्रा या मेले में वाहन ले जाने से पहले फिटनेस, परमिट, बीमा, कर और लाइसेंस की वैधता अच्छी तरह जांच लें। उन्होंने चेतावनी दी है कि अनफिट और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों को यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति किसी भी सूरत में नहीं दी जाएगी और यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This News