चाम्पा महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति की बैठक सम्पन्न
चाम्पा महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति की बैठक सम्पन्न

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
चाम्पा — शासकीय मयूरध्वज महादानी राजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय चाम्पा के नवगठित जनभागीदारी समिति की बैठक अध्यक्ष श्री नागेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुईl प्राचार्य डाॅ० एच०पी० खैरवार ने जनभागीदारी अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का स्वागत करते हुये महाविद्यालय की गतिविधियों , उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं तथा आगामी नैक मूल्यांकन की जानकारी दी। समिति की बैठक में सत्र 2018– 19 तथा 2019–20 में जनभागीदारी मद एवं स्ववित्तीय मद के व्यय का अनुमोदन तथा वर्तमान सत्र 2020–21 के लिये प्रस्तावित बजट पर चर्चा की गयी। महाविद्यालय के विभिन्न विकास कार्यों के लिये बजट प्रावधान स्वीकृत किया गया। कम्प्यूटर कक्ष बरामदा सुसज्जीकरण, गर्ल्स हॉस्टल के पीछे फेंसिंग, काऊ कैच निर्माण, प्रवेश द्वार सुसज्जीकरण, सायकल स्टैंड निर्माण, फोटो कापी मशीन क्रय की स्वीकृति दी गई । महाविद्यालय में स्ववित्तीय मद से संचालित पाठ्यक्रमों का शासकीयकरण, प्राणीशास्त्र, वनस्पति शास्त्र, भौतिक शास्त्र में एम एससी, एम ए हिन्दी खोलने हेतु प्रस्ताव, चाम्पा नगर में नवीन कन्या महाविद्यालय की स्थापना, महाविद्यालय के लिये बाउंड्री वाल स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने का निर्णय लिया गया । जनभागीदारी मद से कार्यरत अधिकारी / कर्मचारी के मानदेय संबंधी आवेदन पर स्वीकृति प्रदान करते हुये मानदेय में दस प्रतिशत की वृद्धि हेतु अध्यक्ष महोदय ने स्वीकृति प्रदान की। अपने उद्बोधन में अध्यक्ष श्री गुप्ता जी ने जनभागीदारी समिति की ओर से महाविद्यालय को सभी आवश्यक सहयोग तथा शासनस्तर पर लंबित मांगों के लिये पहल करने का आश्वासन दिया तथा आगामी दिनों में समिति की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने की घोषणा की । इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के सदस्य किशन सोनी, सुधीर बाजपेयी, राज अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल, सुनील सावधानी, गोविन्द देवांगन , हरदयाल कंवर, दूजराम देवांगन, कुर्रेजी, विधायक प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल , कोषालय प्रतिनिधि पटेल एवं नगर के पत्रकार बंधु उपस्थित थे। बैठक का संचालन प्राध्यापक बी० डी० दीवान तथा आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राध्यापक यू० एस० कुर्रे ने किया। महाविद्यालयीन प्राध्यापक आर आर साहू एवं व्ही एम दांडेकर उपस्थित थे।

