FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticsppछत्तीसगढ़

सीएम साय ने किया रायपुर -अंबिकापुर – बिलासपुर हवाई सेवा का शुभारंभ।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज स्वामी विवेकानंद विमानतल पर रायपुर – अंबिकापुर – बिलासपुर हवाई सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि आज छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।रायपुर – अंबिकापुर – बिलासपुर विमान सेवा का शुभारंभ हमारे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के विस्तार का प्रतीक है। इस सेवा का आरंभिक किराया मात्र 999 रुपये है , जो यह सुनिश्चित करता है कि आम जनता भी हवाई यात्रा का लाभ उठा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जो परिवर्तन आया है , उसका यह एक बड़ा उदाहरण है।

उन्होंने कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज की सवारी करेगा और आज वह सपना साकार हो रहा है। सरगुजा और बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की एयर कनेक्टिविटी से ना केवल नागरिकों को सुविधायें मिलेंगी , बल्कि इन क्षेत्रों में टूरिज्म और आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी। राज्य सरकार ने 80 करोड़ की लागत से अंबिकापुर के एयरपोर्ट का विकास किया है l माँ महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर को थ्री सी वीएफआर श्रेणी का लाइसेंस प्राप्त हुआ है , यह एयरपोर्ट 72-सीटर एटीआर -72 विमानों के संचालन के लिये उपयुक्त है। सीएम साय ने कहा कि अंबिकापुर को वाराणसी , प्रयागराज , लखनऊ , दिल्ली और कोलकाता से जोड़ने की योजना पर भी काम जारी है। हमारे छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक सुंदरता , ऐतिहासिक धरोहरें और इको-टूरिज्म की अपार संभावनायें हैं। गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व , रामगढ़ की पहाड़ियां और एशिया का नियाग्रा कहे जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात जैसे स्थलों तक अब देश-विदेश के पर्यटकों की पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही एयर कनेक्टिविटी के विस्तार से निवेश का माहौल भी बेहतर होगा। हमारी सरकार ने नई उद्योग नीति में होम स्टे और रिसॉर्ट्स जैसे उद्यमों को विशेष प्रोत्साहन दिया है , जिससे स्थानीय युवाओं के लिये रोजगार के बड़े अवसर पैदा हो रहे हैं। हमारी कोशिश है कि अगले चार वर्षों में छत्तीसगढ़ को विमानन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाये। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नया साल आने वाला है और मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि इस नई विमान सेवा का लाभ उठायें और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लें। फ्लाई बिग चार्टर कंपनी 19-सीटर ट्विन औटर विमानों के माध्यम से इन शहरों के लिये सेवायें देगी।विमान टेकऑफ़ को वाटर सेल्यूट दिया गया। आज प्रारंभ हुई विमान सेवा के पहले यात्री के रूप में सांसद चिंतामणि महाराज सपत्नीक सवार हुये , जिनको मुख्यमंत्री साय ने बोर्डिंग पास देकर कहा कि आज आपने इतिहास बना दिया। आप इस रूट के पहले यात्री हैं , आपको शुभकामनायें। इस अवसर विधायक राजेश अग्रवाल , प्रबोध मिंज , रामकुमार टोप्पो , मुख्यमंत्री के सचिव बसवराजु , संचालक विमानन विभाग संजीव झा , फ्लाई बिग कंपनी के सीएमडी संजय मांडविया उपस्थित थे।

Share This News