बेरीनाग में कांग्रेस ने फूंका पीएम मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला।

एनएचएल नेटवर्क📡
बेरीनाग । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बुधवार, को जिला कांग्रेस कमेटी पिथौरागढ़ एवं नगर कांग्रेस कमेटी बेरीनाग के संयुक्त तत्वावधान में बेरीनाग के मुख्य शहीद चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और रोजगार जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यह विरोध केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के उन लाखों युवाओं की आवाज़ है जो अपने भविष्य, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और रोजगार के लिए चिंतित हैं।
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ सुनना सरकार का मुख्य दायित्व है, उसे दबाना नहीं। युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ होने पर संघर्ष करना ही लोकतंत्र का सबसे बड़ा दायित्व बन जाता है।
कांग्रेस पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में निष्पक्षता, समान अवसर और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए अपने संघर्ष को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
“हम सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनता की आवाज़, युवाओं के अधिकार, संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए मैदान में हैं। जब-जब लोकतंत्र पर आंच आएगी, कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा मिलेगा।”
अंत में बेरीनाग की जागरूक जनता, मातृशक्ति और सभी कार्यकर्ताओं का इस विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया गया।
पुतला दहन एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से खजान गुड्डू, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेम पंत, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित पाठक, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सानी, पंकज सिंह बोरा, हेम कुमार, भगवान सिंह कठायत, आशीष कुमार, मोती सिंह धानिक, पुष्कर लाल, प्रकाश नेगी। समेत कार्यक्रम में कांग्रेस परिवार के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा साथी, मातृशक्ति तथा स्थानीय क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

