क्रमिक अनशन के सातवें दिन भी प्रशासन सुस्त, आन्दोलनकारी 25 को करेंगे तहसील घेराव।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग क्षेत्र की तीन प्रमुख और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर चल रहा जनआंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। सोमवार, 23 नवंबर को क्रमिक अनशन का सातवां दिन पूरा होने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम न उठाए जाने से आंदोलनकारियों में भारी आक्रोश है। लिखित आश्वासन के बावजूद काम शुरू न होने के विरोध में बुद्धवार, 25 नवंबर को आंदोलनकारी सुबह 11 बजे शहीद चौक से जुलूस तहसील पहुचेगा और तहसील घेराव किया जाएगा।
सोमवार को तीन सूत्रीय मांगों को लेकर बेरीनाग शहीद चौक पर अनशन के सातवें दिन गणेश रावत, रुद्र गिरी गोस्वामी, रतन राम, राजेश रावत, देवेन्द्र कालाकोटी, प्रयाग सिंह राठौर, प्रमोद बाफिला, श्याम सिंह देवाल और नारायण असवाल क्रमिक अनशन पर बैठे।
आंदोलनकारियों का कहना है कि क्षेत्र के भविष्य से जुड़े इन मुद्दों पर 27 जुलाई 2026 को संघर्ष की शुरुआत हुई थी और 17 नवंबर से पुनः क्रमिक अनशन जारी है। अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर कार्रवाई होनी चाहिए।
आंदोलन की प्रमुख तीन सूत्रीय मांगें:
1.डिग्री कॉलेज रोड का शीघ्र निर्माण कराया जाए।
2. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेरीनाग को उच्चीकृत कर उपजिला अस्पताल का दर्जा दिया जाए।
3. डिग्री कॉलेज मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाए।
आंदोलन समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सुबह 11 बजे शहीद चौक पहुंचकर तहसील घेराव को सफल बनाएं।

