FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandउत्तराखंड

फॉरेस्ट फायर सीजन को लेकर वन विभाग सतर्क, पिथौरागढ़ में मॉकड्रिल आयोजित। 

एनएचएल नेटवर्क📡

फॉरेस्ट फायर सीजन को लेकर वन विभाग सतर्क, पिथौरागढ़ में मॉकड्रिल आयोजित। 

वनाग्नि रोकथाम हेतु बहु-विभागीय मॉकड्रिल, आपदा प्रबंधन की तैयारियों का परीक्षण। 

पिथौरागढ़ में वन विभाग की बड़ी तैयारी, फॉरेस्ट फायर से निपटने को संयुक्त अभ्यास*

वनाग्नि सीजन से पहले प्रशासन अलर्ट, वन पंचायत बजेटी में किया गया रेस्क्यू मॉकड्रिल*

वन, पुलिस, SDRF, NDRF की संयुक्त कार्रवाई का अभ्यास, फॉरेस्ट फायर नियंत्रण को मॉकड्रिल। 

पिथौरागढ़।आगामी ग्रीष्मकालीन फॉरेस्ट फायर सीजन को दृष्टिगत रखते हुए जनपद पिथौरागढ़ में वनाग्नि की संभावित घटनाओं की रोकथाम, त्वरित नियंत्रण एवं विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आज वन विभाग द्वारा एक व्यापक मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में संसाधनों के प्रभावी उपयोग, मानव जीवन एवं वन संपदा की सुरक्षा तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की तैयारियों का परीक्षण करना रहा।
मॉकड्रिल का शुभारंभ फॉरेस्ट गेस्ट हाउस, पिथौरागढ़ से किया गया। वन पंचायत बजेटी क्षेत्र में वनाग्नि लगने की काल्पनिक सूचना कंट्रोल रूम को प्राप्त होते ही त्वरित रूप से वन विभाग, पुलिस विभाग, SDRF, NDRF, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, एवं पर्यावरण वाहिनी को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक निर्धारित समयावधि में आवश्यक उपकरणों सहित एकत्रित हुए।
प्रभागीय वनाधिकारी श्री आशुतोष सिंह द्वारा मौके पर उपस्थित सभी टीमों को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। उन्होंने वनाग्नि की परिस्थितियों में प्राथमिकता निर्धारण, जनसुरक्षा, समन्वित कार्रवाई, संचार प्रणाली की सक्रियता एवं संसाधनों के सुव्यवस्थित उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी (बनाग्नि) आपात स्थिति में घबराहट से बचते हुए सुनियोजित एवं चरणबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निर्देश प्राप्त होते ही संयुक्त टीमें घटनास्थल के लिए प्रस्थान कर गईं। घटनास्थल पर पहुँचकर टीमों को A, B, C एवं D ग्रुप में विभाजित कर निम्नानुसार कार्य आवंटित किया गया—
टीम A (अग्निशमन दल):
इस टीम द्वारा फायर बीटर, ब्लोअर मशीन, रेक, कुदाल एवं अन्य अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग की लपटों को नियंत्रित करने की कार्यवाही की गई। फायर लाइन तैयार कर आग के प्रसार को रोकने का अभ्यास भी किया गया।
टीम B (रेस्क्यू एवं सुरक्षा दल):
इस दल द्वारा प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने का अभ्यास किया गया। संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर प्रवेश प्रतिबंधित किया गया।
टीम C (चिकित्सा एवं राहत दल):
इस टीम ने धुएँ से प्रभावित एवं काल्पनिक रूप से घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया तथा उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी चिकित्सालय भेजने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। प्राथमिक उपचार किट एवं स्ट्रेचर आदि का उपयोग भी प्रदर्शित किया गया।
टीम D (समन्वय एवं संचार दल):
इस दल द्वारा मौके पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए वायरलेस एवं मोबाइल संचार व्यवस्था को सक्रिय रखा गया। साथ ही स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग कर उच्चाधिकारियों को अपडेट देने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान वनाग्नि से होने वाले पर्यावरणीय एवं जैव-विविधता संबंधी नुकसान पर भी प्रकाश डाला गया तथा आग की घटनाओं को रोकने हेतु जनसहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों एवं वन पंचायत प्रतिनिधियों को जागरूक करते हुए बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी वनाग्नि का कारण बन सकती है।
अंत में समस्त विभागों की सहभागिता की सराहना करते हुए प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा कहा गया कि इस प्रकार के अभ्यास भविष्य में भी समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि वनाग्नि सीजन के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि जंगलों में आग न लगाएँ, जलती हुई बीड़ी-सिगरेट या अन्य ज्वलनशील पदार्थ खुले में न फेंकें तथा किसी भी प्रकार की वनाग्नि की सूचना तत्काल नजदीकी वन कार्यालय अथवा संबंधित अधिकारियों को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान उपप्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, रेन्जर दिनेश जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेन्द्र सिंह समेत अन्य उपस्थित रहे।

Share This News