berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

बेरीनाग आंदोलन को पूर्व विधायक नारायण राम आर्या का समर्थन, बोले—तीनों मांगें जायज, शासन को भेजा जाए प्रस्ताव। 

बेरीनाग संवाददाता। 

​बेरीनाग। बेरीनाग के शहीद चौक में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर स्थानीय निवासियों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को उस समय बड़ा बल मिला जब गंगोलीहाट विधानसभा के पूर्व विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में पूर्व राज्य मंत्री नारायण राम आर्या धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और मांगों का पूर्ण समर्थन किया।धरना स्थल पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नारायण राम आर्या ने कहा कि आंदोलनकारियों की तीनों मांगें पूरी तरह से जायज और जनहित में हैं। उन्होंने महाविद्यालय की जर्जर सड़क की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि नगर पालिका को जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को इसका सुदृढ़ीकरण प्रस्ताव भेजना चाहिए। साथ ही, उन्होंने लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क के गड्ढों को भरने और जल निकासी हेतु नालियों का निर्माण कराने की मांग की।

​स्वास्थ्य सुविधाओं और खेल ढांचे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बेरीनाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा दिलाने के लिए भी शीघ्र प्रस्ताव शासन को भेजा जाना आवश्यक है। आर्या ने याद दिलाया कि अपने विधायक कार्यकाल के दौरान उन्होंने यहां महिला अस्पताल का निर्माण कराया था, लेकिन वर्तमान में देखरेख के अभाव में उसकी स्थिति चिंताजनक है। इसके अलावा, महाविद्यालय के खेल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने के लिए महाविद्यालय प्रशासन को शासन स्तर पर पहल करने का सुझाव दिया।

​आंदोलनकारियों ने पूर्व विधायक को अवगत कराया कि उनकी तीन प्रमुख मांगें हैं—

​बेरीनाग महाविद्यालय की जर्जर सड़क का निर्माण।

​सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा देना।

​महाविद्यालय खेल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करना।

​नारायण राम आर्या ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा, “मैं इस लड़ाई में पूरी तरह से आपके साथ हूं। शासन को प्रस्ताव भेजे जाएं, मैं स्वयं भी व्यक्तिगत और प्रशासनिक स्तर पर इन मांगों की स्वीकृति के लिए प्रभावी पैरवी करूंगा।”

​धरने के तीसरे दिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और ग्रामीणों की भारी मौजूदगी रही। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

Share This News