गंगोलसेरा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय में किया जोरदार प्रदर्शन

बेरीनाग विकासखण्ड के गंगोलसेरा के ग्रामीणों ने झूलापुल, पेयजल समस्या और सुरक्षा दीवार की मांग को लेकर पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शीघ्र मांगे पूरी नही होने पर 2022 विधानसभा चुनावों के बहिष्कार का ऐलान किया है। ग्रामीणों का कहना है कि मुवानी से गंगोलासेरा को जाने के लिए रामगंगा नदी में कोई पुल नही है जिसके चलते वे उफनती नदी को जान हथेली में डालकर पार करने को मजबूर है। कई बार ग्रामीण प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पुल बनाने की गुहार लगा चुके है लेकिन उनकी किसी ने नही सुनी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौपकर रामगंगा नदी में जल्द पुल बनाने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने गांव के पेयजल संकट को दूर कर के पेयजल लाईन के निर्माण के साथ ही गधेरे में सुरक्षा दीवार लगाने की भी मांग की है।

