गणतंत्र दिवस समारोह 2021 के आयोजन के संबंध में एक बैठक सुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में सम्पन्न
गणतंत्र दिवस समारोह 2021 के आयोजन के संबंध में एक बैठक सुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में सम्पन्न
—————

पिथौरागढ़ 72 वे गणतंत्र दिवस समारोह 2021 के आयोजन के संबंध में एक बैठक सुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के कार्यक्रम निर्धारित करने के साथ ही विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत पूरे पखवाड़े के अंतर्गत आगामी 31 जनवरी 2021 तक समस्त शासकीय विभागों व स्थानीय निकायों द्वारा व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस हेतु मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। *जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नगर पालिका क्षेत्र के अतिरिक्त प्रत्येक विभाग को एक निश्चित क्षेत्र सफाई हेतु आवंटित किया जाएगा, उस क्षेत्र में संबंधित विभाग की ओर से सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिन क्षेत्रों में बेहतर सफाई होगी संबंधित विभाग को गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक विभाग को सफाई अभियान की फोटोग्राफ भी उपलब्ध करानी होगी। इसके अतिरिक्त सभी नगर निकाय क्षेत्रों में संबंधित नगर पालिका व नगर पंचायतों द्वारा सभी सार्वजनिक स्थानों, परिसंपत्तियों, मूर्तियों व स्मारकों आदि स्थानों में रंगाई पुताई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रायः देखा जाता है कि गणतंत्र दिवस समारोह के उपरांत हैंड फ्लैग अव्यवस्थित रूप से इधर-उधर गिरे रहते हैं जिससे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान होता है, इस हेतु गणतंत्र दिवस समारोह के उपरांत सभी उपजिलाधिकारियों व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत की जिम्मेदारी होगी कि वह एक विशेष अभियान चलाकर अव्यवस्थित ढंग से पड़े हैंड फ्लैग को एकत्रित कर नियमानुसार उनका निस्तारण करेंगे। तथा सरकारी भवनों के परिसर में भी यह अभियान संबंधित विभाग द्वारा चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के जो भी कार्यक्रम आयोजित किए जाए उनमें कोविड-19के दिशा निर्देश का अनुपालन पूर्ण रूप से नितांत आवश्यक रहेगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिनांक 25 एवं 26 जनवरी को प्रमुख राजकीय भवनों को सायंकाल 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक एल ई डी बल्ब से प्रकाशमान किया जाएगा। उक्त सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न महिला समूहों द्वारा जिले में ही एल ई दी बल्ब बनाए जा रहे हैं,उन्हें प्रोत्साहित करने हेतु सभी विभाग इन महिला समूहों से एल ई डी बल्ब क्रय कर गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभागीय भवनों को प्रकाशमान करें। इस हेतु वरिष्ठ परियोजना अधिकारी उरेडा को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में प्रात:9:30 बजे झंडारोहण किया जाएगा। पुलिस लाईन में पूर्वाह्न 11:00 मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर पुलिस परेड की सलामी ली जाएगी। *इस अवसर पर 25 जनवरी को सायं 6 बजे से 9 बजे तक तथा 26 जनवरी को प्रातः 6 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक लाउडस्पीकर के माध्यम से देश प्रेम तथा देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा।बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करते हुए 20 जनवरी से पूर्व आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर प्रस्तुत करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आर डी पालीवाल,मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी,जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ले.कर्नल वी पी भट्ट,महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र कविता भगत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

