घर के अंदर सो रही महिला पर गुलदार ने किया हमला कर किया घायल।

एनएचएल नेटवर्क
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में गुलदार के हमले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। पहले तो गुलदार द्वारा जंगल में घास काटने गयी महिलाओं या फिर आंगन में खेल रहे बच्चों पर हमले की ख़बरें ही सुनाई देती थी परन्तु अब गुलदार घर के अंदर घुसकर वयस्क इंसानों पर भी हमला करने लगा है। ताजा मामला रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि का है। जानकारी के मुताबिक अगस्त्यमुनि नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह नाकोट में आज (मंगलवार) सुबह करीब साढ़े तीन बजे घर के अंदर सो रही एक महिला पर गुलदार अचानक जानलेवा हमला कर दिया. गुलदार के हमले में 37 वर्षीय कुशला देवी पत्नी नत्थी लाल गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घटना के समय नत्थी लाल का पूरा परिवार घर में सो रहा था। उनके साथ पत्नी कुशला देवी, पुत्र आशू, अंकित, मायके से आई बेटी ज्योति और उसका दुधमुंहा बेटा आयुष्मान भी मौजूद थे।इसी दौरान गुलदार ने दरवाजा धकेल कर घर में प्रवेश किया और सामने लेटी कुशला देवी पर झपट पड़ा। हमले के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। नत्थी लाल ने साहस दिखाते हुए गुलदार से पत्नी को छुड़ाया और परिवार ने मिलकर शोर मचाते हुए गुलदार को भगाया। हमले में कुशला देवी के माथे, गाल और कंधे पर गंभीर घाव आए हैं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सक डॉ. शिवांश ने बताया कि कुशला देवी के चेहरे पर सात टांके लगे हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार देकर भर्ती किया गया है। घायल महिला के पति नत्थी लाल ने बताया कि बीते 25 सालों में पहली बार यह घटना हुई है, आज मेरा परिवार बाल बाल बच गया लेकिन अब ता उम्र यह खौफ बना रहेगा। मेहनत मजदूरी करने वाले नत्थी लाल ने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई है उन्होने नगर पंचायत से सोलर लाइट लगवाने की अपील भी की है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने गुलदार की बढ़ती गतिविधियों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की व्यवस्था की जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि जानमाल का नुकसान न हो। गुलदार के घर के अंदर घुसकर हमला करने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

