FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandनैनीतालराज्य

हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया।

एनएचएल नेटवर्क।

हल्द्वानी। नैनीताल उधम सिंह नगर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में निकाले गए रोड शो से पार्टी प्रत्याशी ही गायब रहे। वहीं भाजपाई भीड़ जुटाने में भी नाकाम रहे। बुधवार को प्रचार का आखिरी दिन है। ऐसे में राजनैतिक दलों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंकी हुई है। हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया। तमाम कार्यकर्ता बुधवार को कालाढूंगी रोड पर पशु चिकित्सालय के सामने एकत्रित हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में तिकोनिया तक पहुंचे। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दस साल गरीबों के लिए समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के उत्थान के लिए कार्य किए। इसी का नतीजा है कि आज देश में कांग्रेस नहीं मोदी की गारंटी चलती है। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन और विश्वास के चलते देश सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है।
कहा कि इस बार देश में भाजपा 400 पार और राज्य में पांचों सीट जीतकर कीर्तिमान स्थापित करेगी।
सीएम ने कहा, भाजपा के संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प लिया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पीएम मोदी ने 2014 के बाद से ही उत्तराखंड के कायाकल्प में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। 10 सालों में उत्तराखंड को लगभग 2 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात केंद्र सरकार ने दी है। हम सभी मिलकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान दें। रोड शो में निवर्तमान मेयर डा. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, राम सिंह कैड़ा, डा. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट समेत सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This News