थराली में भारी बारिश से 6 सड़कें हुई थीं बाधित, लोनिवि ने 4 मार्ग यातायात के लिए खोले; 2 अब भी बंद।

(हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट)
थराली। सोमवार देर शाम हुई भारी बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली के अंतर्गत आने वाली 6 सड़कें भूस्खलन व मलबे के कारण बंद हो गई थीं। विभाग ने जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए इनमें से 4 सड़कों को यातायात के लिए सुचारू कर दिया है, जबकि 2 सड़कें अब भी बंद पड़ी हुई हैं।
गत रात्रि हुई मूसलाधार बारिश के चलते श्री नंदादेवी राजजात यात्रा राजमार्ग थराली-देवाल-वांण (किमी 8, 16 व 18), राजमार्ग संख्या 91 ग्वालदम-नंदकेशरी (किमी 5), डुंग्री-रतगांव (किमी 2 व 5), सिमली-सड़कोट (किमी 1), नारायणबगड़-किमोली (किमी 8) एवं देवाल-खेता मोटर मार्ग (किमी 16 सुयालकोट) में भारी मलबे के कारण यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था।
लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा और सहायक अभियंता जेके टम्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य मार्ग संख्या 90 थराली-देवाल-मंदोली-वांण मोटर मार्ग मंगलवार को दिनभर रुक-रुककर खुलता और बंद होता रहा। वहीं, विभाग की तत्परता से तीन अन्य सड़कों को यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। हालांकि, डुंग्री-रतगांव और देवाल-सुयालकोट-खेता मोटर सड़क मंगलवार को भी यातायात के लिए बाधित रही, जिन्हें खोलने का कार्य जारी है।

