नंदादेवी राजजात यात्रा 2026 या 2027? आयोजन की तिथियों को लेकर भक्तों में भारी असमंजस।
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर ने बढ़ाई हलचल, 4 अगस्त को देवाल में बैठक का आह्वान
हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। विश्व प्रसिद्ध श्री नंदादेवी राजजात यात्रा का आयोजन 2026 में होगा अथवा 2027 में, इसे लेकर नंदा देवी के भक्तों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दोनों पक्षों की अपनी-अपनी घोषणाओं और तर्कों के बीच आम श्रद्धालु और स्थानीय ग्रामीण समझ नहीं पा रहे हैं कि अंततः यात्रा का आयोजन किस वर्ष होगा।
इस असमंजस के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं। वायरल पोस्टर के अनुसार, ‘श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा 2026’ को भव्य रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से 4 अगस्त को विकास खंड सभागार देवाल में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों, पड़ाव अध्यक्षों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों और समस्त नंदा भक्तों को आमंत्रित कर यात्रा को सफल बनाने हेतु सुझाव मांगे गए हैं। हालांकि, इस पोस्टर में बैठक का आयोजन करने वाली विशिष्ट समिति या व्यक्तियों का नाम दर्ज नहीं है; केवल निवेदक के रूप में “समस्त नंदा भक्त, देवाल” लिखा गया है।
12 वर्षों का गणित और बंटा हुआ जनमत
प्रत्येक 12 वर्षों के अंतराल पर आयोजित होने वाली श्री नंदादेवी राजजात यात्रा अंतिम बार वर्ष 2014 में संपन्न हुई थी। उस गणना के अनुसार, अगली राजजात का आयोजन 2026 में ही निर्धारित माना जा रहा था। शुरुआत में नंदादेवी कमेटी नौटी, नंदादेवी समिति कुरूड़, राज्य सरकार और स्थानीय श्रद्धालुओं में इसे लेकर सहमति भी थी।
परंतु, कुछ समय पूर्व नंदादेवी राजजात समिति नौटी ने अचानक यात्रा का आयोजन 2026 के स्थान पर 2027 में करने का निर्णय लिया। नौटी क्षेत्र के एक बड़े हिस्से, यात्रा मार्ग के बधाण पट्टी क्षेत्र और पैदल यात्रा मार्ग के अंतिम आबादी वाले गांव ‘वांण’ (देवाल) के ग्रामीणों ने 2026 में ‘छोटी जात’ तथा 2027 में ‘राजजात यात्रा’ के आयोजन का समर्थन किया है।
कुरूड़, दशोली और बंड पक्ष का 2026 पर जोर
दूसरी ओर, कुरूड़, दशोली एवं बंड क्षेत्र की समितियों ने 2026 में ही श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा आयोजित करने का स्पष्ट ऐलान किया है। उन्होंने बाकायदा आगामी 5 सितंबर से 30 सितंबर तक का विस्तृत यात्रा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
दोनों प्रमुख पक्षों के अपने-अपने रुख पर अड़े रहने के कारण श्रद्धालुओं में संशय गहरा गया है। देवाल में आयोजित होने वाली बैठक के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस बैठक की अगुवाई कौन कर रहा है और यात्रा की तिथियों को लेकर बन रहे गतिरोध को दूर करने का क्या मार्ग निकाला जाता है।


