उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हवाओं के साथ बारिश से गढ गयी ठंड ।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून।उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हवाओं के साथ बारिश से ठंड बढ़ गई है। पहाड़ में दोपहर के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तरकाशी ,रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ सहित पहाड़ी इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान केंद्र आईएमडी ने उत्तराखंड राज्य के 7 जिलों में झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश को लेकर तीन घंटे का तात्कालिक येलो अलर्ट जारी किया है।
सात जिलों में तात्कालिक येलो अलर्ट
IMD द्वारा जारी तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड राज्य के देहरादून , पिथौरागढ़ , उत्तरकाशी , पौड़ी गढ़वाल, टिहरी , अल्मोड़ा , बागेश्वर और चमोली जिले में अगले तीन घटे 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों में 3 घंटे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली।
उत्तरकाशी में झमाझम बारिश हुई। वहीं जमकर ओलावृष्टि भी हुई। बारिश होने से तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। उधर मैदानी इलाकों में तेज धूप से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया हुआ है। साथ ही गंगोत्री हाईवे पर आधे घंटे की बारिश से जलभराव हो गया, जिससे यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को असुविधा हुई।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बारिश का दौर शुरू हो गया है वहीं केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में दिन में हल्की बारिश हुई। उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में जमकर बारिश हुई। जिससे आम लोगों सहित तीर्थ यात्रियों ने गर्मी से राहत की सांस ली। साथ ही बारिश होने से ठंड बढ़ गई है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए जारी की अपील
श्री केदारनाथ धाम यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं से अपील है कि सम्पूर्ण जनपद रुद्रप्रयाग में इस समय तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। जनपद के किन्हीं हिस्सों में तेज व कहीं हल्की बारिश हो रही है। अब रात्रि का समय निकट है, ऐसे में अनावश्यक सफर करने से बचें। आप जहां पर भी हैं, वहीं के निकटवर्ती स्थानों में होटल इत्यादि लेकर सुरक्षित रहें।

