berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय  में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।

बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के अन्तर्गत प्राचार्य प्रो.बी.एम. पाण्डेय के नेतृत्व में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों द्वारा तिरंगा जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, समस्त प्राध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर से कस्बे तक “भारत माता की जय” “वंदे मातरम” का उदघोष करते हुए आम-जन मानस में देश भक्ति की भावना को जागृत किया। इसके उपरांत प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने महाविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के पश्चात समस्त प्रतिभागियों ने राष्ट्र गान एवं वन्दे मातरम गीत प्रस्तुत किया। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ने अपने सम्बोधन में 79 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी एवं वीर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस न सिर्फ हमें स्वतंत्र होने की बात सिखाता है बल्कि स्वतंत्र होने के साथ-साथ हमें सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास के दायित्व के प्रति सजग भी करता है। कार्यक्रम के इसी क्रम में विद्यार्थियों ने देश भक्ति गीत भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share This News