साधना इंटर कॉलेज खितोली में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम।
बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। साधना इंटर कॉलेज खितोली में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल, विशिष्ट अतिथि ज्येष्ठ प्रमुख धीरज बिष्ट एवं जिला पंचायत सदस्य (थल) रितिक पांडे द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, लोकनृत्य एवं नाटक प्रस्तुत किए गए। छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज पांडे ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं कार्यक्रम के सफल संयोजन में कार्यक्रम संयोजक दीप पांडे का विशेष योगदान रहा।
इस गरिमामय समारोह में पूर्व मंडल महामंत्री विमलेश पंत, नगर बेरीनाग सोशल मीडिया प्रभारी निखिल पंत, जीवन पाठक सहित समस्त विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया और मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


