पिथौरागढ़: मोस्टमानू सड़क के पैचवर्क में घपलेबाजी पर भड़के ADM, PWD को तुरंत सुधारीकरण और रिपोर्ट पेश करने के निर्देश।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के सख्त रुख के बाद आखिरकार जिला प्रशासन सड़कों की बदहाली को लेकर हरकत में आ गया है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी (ADM) योगेंद्र सिंह ने मोस्टमानू क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई गई सड़क का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क मरम्मत और पैचवर्क की घटिया गुणवत्ता देखकर ADM का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
बता दें कि जिलाधिकारी भटगांई ने पूर्व में ही जिले की सड़कों की स्थिति सुधारने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए थे। इसी की हकीकत परखने जब एडीएम योगेंद्र सिंह मोस्टमानू सड़क पर पहुंचे, तो वहां किए गए पैच मरम्मत के काम मानकों के विपरीत और बेहद खस्ताहाल पाए गए।
सड़क पर अधकचरे काम और जगह-जगह मौजूद गड्ढों पर नाराजगी जाहिर करते हुए ADM ने PWD अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि सड़क के सभी गड्ढों की जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण मरम्मत की जाए और किए गए सुधार कार्य की विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि विकास और सुधारीकरण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अफसरों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने, मानकों के अनुरूप काम पूरा कराने और निर्माण स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

