आयुर्वेद एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बेरीनाग में भव्य “योग संगम” एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित।
योग,

एनएचएल नेटवर्क📡
बेरीनाग, 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेरीनाग स्थित टी.आर.सी. चौकोड़ी में जनपद स्तरीय “योग संगम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी पिथौरागढ़ डॉ. चंद्रकला भैसोड़ा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. नीरज कोहली द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय किया गया, जबकि मंच संचालन डॉ. बालम सिंह बोरा एवं डॉ. रिंकी रावत ने किया

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक फकीर राम टम्टा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में ब्लॉक प्रमुख बेरीनाग संगीता चन्याल एवं नगर पालिका परिषद बेरीनाग की अध्यक्ष हेमवती पंत ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बेरीनाग अंकित राज, जिला पंचायत सदस्य चौकोरी-उडियारी लक्ष्मण सिंह कार्की सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने भारतीय ज्ञान परंपरा, योग एवं आयुर्वेद की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
योग सत्र का संचालन योग अनुदेशक हिमांशु आगरी ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतिथियों ने योग एवं आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।
कार्यक्रम में आयुष विभाग की ओर से डॉ. बालम सिंह बोरा, डॉ. रिंकी रावत, डॉ. सुजाता टम्टा, डॉ. दीपिका आर्या, डॉ. पवनेश कुमार, फार्मेसी अधिकारी रविंद्र जोशी, अरविंद नौटियाल, प्रकाश मेहर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन में टी.आर.सी. चौकोड़ी के प्रबंधक दीप पंत द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।
योग कार्यक्रम के उपरांत टी.आर.सी. परिसर में फलदार एवं छायादार वृक्षों का वृक्षारोपण किया गया। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पौधरोपण कर योग, आयुर्वेद एवं प्रकृति के अटूट संबंध को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग और आयुर्वेद जितने आवश्यक हैं, उतना ही महत्वपूर्ण स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण भी है। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का विधिवत समापन उपजिलाधिकारी बेरीनाग ने जनसमूह को संबोधित करते हुए किया । अपने संबोधन में उन्होंने योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर उसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
सभी अतिथियों ने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। योग, आयुर्वेद और प्रकृति के समन्वय का संदेश देते हुए यह जनपद स्तरीय “योग संगम” एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण रहा।

