राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना जारी, 29 सितंबर को मतदान व नतीजे।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में छात्र संघ चुनाव 2026-27 का बिगुल बज चुका है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय और चुनाव प्रभारी डॉ. जे. पी. त्यागी ने संयुक्त रूप से चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार आगामी 29 सितंबर को मतदान, मतगणना और शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होगा।
चुनाव कार्यक्रम की मुख्य तिथियां:
- नामांकन पत्रों की बिक्री: 24 सितंबर 2026
- नामांकन प्रक्रिया: 25 सितंबर 2026
- नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी व वैध सूची का प्रकाशन: 26 सितंबर 2026
- आम सभा (आमने-सामने): 28 सितंबर 2026
- मतदान, मतगणना, परिणाम व शपथ ग्रहण: 29 सितंबर 2026
प्राचार्य प्रो. बी. एम. पाण्डेय ने निर्देश दिए हैं कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय का शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेगा। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। उन्होंने समस्त प्राध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से चुनावी दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
चुनाव अधिकारी डॉ. प्रदीप दुर्गापाल ने सभी कर्मचारियों से सक्रिय भागीदारी निभाते हुए चुनाव सकुशल संपन्न कराने की अपील की। अधिसूचना जारी होने के दौरान डॉ. महेश विश्वकर्मा, डॉ. प्रमेश टम्टा, हरीश देवलाल, प्रमोद भट्ट, अजय कुमार सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

