berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

कार्तिक पूर्णिमा पर वासुकीनाग मंदिर लोहाथल में कलश यात्रा के साथ हुआ भव्य आयोजन, छोलिया नृत्य और लोकगीतों ने बांधा समां।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​बेरीनाग (पिथौरागढ़): कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर वासुकीनाग मंदिर, लोहाथल में धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ भव्य मेले एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ, जिसमें पारंपरिक परिधानों में सजी क्षेत्र की महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर जयकारों के साथ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान वासुकीनाग जी का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

​धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत पिथौरागढ़ से पहुंचे छोलिया दल ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक करतब और ढोल-दमाऊ की थाप ने पूरे परिसर को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके पश्चात मेले का विधिवत उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख  संगीता चन्याल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष उड़ियारी (सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष) लक्ष्मण सिंह कार्की द्वारा किया गया।

​समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मीना गंगोला उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर भाजपा बेरीनाग के सोशल मीडिया प्रभारी निखिल पंत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्रीमती माधवी कार्की, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका पंत, टुपरौली प्रधान गणेश गंगोला और ग्राम प्रधान कविता कार्की ने शिरकत की।

​उद्घाटन के पश्चात ‘रंगीली सोर सांस्कृतिक समिति’ के कलाकारों ने कुमाऊंनी लोकगीतों और पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की सुंदर झलक पेश की, जिस पर दर्शकों ने खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

​कार्यक्रम का सफल संचालन हीरा सिंह कार्की एवं धीरज जोशी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर दिनेश आर्या, एडवोकेट सुरेंद्र कुमार, जिला प्रचारक गणेश , अर्जुन रावत, मंदिर कमेटी से नारायण सिंह, महेश सिंह, मनोज कार्की, के. केदार सिंह, होशियार सिंह, पप्पू कार्की, महेंद्र जोशी, आनंद सिंह, मनोज टम्टा, बलवंत धानिक, पवन म्यूजिकल ग्रुप, राकेश डसीला, पूर्व प्रधान विनोद डसीला, गणाई के पूर्व मंडल महामंत्री मोहन जोशी, विक्की डसीला, ओम प्रकाश सहित तमाम ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। अंत में ‘श्री वासुकीनाग मेला महोत्सव समिति, लोहाथल’ ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

Share This News