बेरीनाग के खितौली स्थित सिद्धपीठ कालसिन मंदिर में महाशिवपुराण कथा के दसवें दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, भजनों पर झूमे श्रद्धालु।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग (पिथौरागढ़)। विकासखंड बेरीनाग के ऐतिहासिक एवं प्राचीन खितौली गांव स्थित सिद्धपीठ कालसिन मंदिर में आयोजित श्री महाशिवपुराण कथा के दसवें दिन समूचा क्षेत्र शिवमय नजर आया। आस्था और भक्ति के इस महाकुंभ में दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
दसवें दिन के धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ प्रातः कालीन वेला में वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य यजमान भुवन चंद्र पंत ने अपनी धर्मपत्नी और सपरिवार के साथ व्यासपीठ व शिवलिंग का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया। सुबह से ही मंदिर में जलाभिषेक और पार्थिव पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
दोपहर एक बजे से प्रसिद्ध कथाव्यास आचार्य किशोर जोशी ने व्यासपीठ से संगीतमय महाशिवपुराण कथा का रसपान कराया। दसवें दिन की कथा में उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास से जुड़े मनमोहक प्रसंग सुनाए, जिससे उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर और अध्यात्म से ओत-प्रोत हो गया। कथा के मध्य प्रस्तुत किए गए सुमधुर शिव भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर परिसर में लगातार गूंज रहे ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कथा समापन के पश्चात भव्य आरती की गई और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस भव्य धार्मिक आयोजन और भंडारे की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में मंदिर समिति के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति (माताओं-बहनों) और युवाओं की विशेष सहभागिता व उत्साह देखने को मिला।

