ऑपरेशन प्रहार: पिथौरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हुड़दंग और ड्रिंक एंड ड्राइव में 5 गिरफ्तार, दो वाहन सीज।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए शराब पीकर हुड़दंग मचाने और वाहन चलाने वाले कुल 05 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही दो वाहनों को सीज किया गया है।
थानावार की गई प्रमुख कार्रवाई:
- बलुवाकोट (ड्रिंक एंड ड्राइव): थाना बलुवाकोट में थानाध्यक्ष नीमा बोहरा और अपर उपनिरीक्षक पूरन सिंह धामी की टीम ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए हिमांशु पोखरिया और शंकर सिंह एरी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के वाहनों को भी मौके पर सीज कर दिया।
- अस्कोट: कोतवाली अस्कोट क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने पर थानाध्यक्ष रविन्द्र यादव की टीम ने दीपांशु भण्डारी को हिरासत में लिया।
- बेरीनाग: कोतवाली बेरीनाग में वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरीश सिंह ने शराब पीकर सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने (लोक अवदूषण) के आरोप में हरीश चन्द्र को गिरफ्तार किया।
- थल: थाना थल क्षेत्र में अपर उपनिरीक्षक विनोद भट्ट की टीम ने शांति भंग करने के आरोप में पंकज सिंह को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अराजकता फैलाने वालों और नशे की हालत में वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ यह सघन अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

