ऑपरेशन प्रहार: शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालक गिरफ्तार, वाहन सीज।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़। जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार देर रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज कर दिए गए।
अभियान के तहत कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र में अपर उपनिरीक्षक राजेन्द्र राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे चालक कुन्दनपुर सिंह को हिरासत में लिया और उसका वाहन सीज किया। वहीं, थाना बलुवाकोट क्षेत्र में थानाध्यक्ष नीमा बोहरा की टीम ने ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में वाहन चालक महेन्द्र सिंह सामन्त को गिरफ्तार करते हुए उसके वाहन को सीज करने की कार्रवाई की।
इस संबंध में पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं और राहगीरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया है।

