राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में कहानी पाठ एवं विचार गोष्ठी का आयोजन।

बेरीनाग संवाददाता
बेरीनाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, में प्राचार्य प्रो० बी० एम० पाण्डेय की अध्यक्षता में हिन्दी विभाग के तत्वावधान में कथा-सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के उपलक्ष्य में “कहानी पाठ एवं विचार गोष्ठी” विषय पर साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ दीप्ति मिश्रा ने मुंशी प्रेमचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला जिसमें उनके साहित्यिक अवदान, सामाजिक दृष्टि तथा हिंदी कथा-साहित्य में उनके अमूल्य योगदान से विद्यार्थियों को परिचित कराया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर बी० एम० पाण्डेय ने प्रेमचंद जी के साहित्य की समकालीन प्रासंगिकता तथा मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर अपना वक्तव्य दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रेमचंद की सुप्रसिद्ध कहानी ‘पूस की रात’ का सस्वर पाठ छात्रा मीनाक्षी खाती द्वारा किया गया। कहानी-पाठ के उपरांत विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने कहानी के कथ्य, पात्रों, भाषा-शैली तथा उसमें निहित सामाजिक एवं मानवीय संवेदनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। हिंदी विभाग की डॉ. रेखा मेहता ने गोदान उपन्यास पर अपने विचार रखे । डॉ० शिवानी कर्नाटक ने प्रेमचंद के साहित्य की वर्तमान समय में प्रासंगिकता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ.जे. पी. त्यागी, डॉ. सुनील पंत, डॉ. ललित चंद,डॉ. संतोषी,डॉ. रेनू टम्टा, डॉ.रश्मि सेलवाल, डॉ. कवींद्र सिंह बोरा, डॉ रेखा मेहता, डॉ. दीप्ति कार्की आदि उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साहित्य के प्रति अपनी रुचि एवं संवेदनशीलता का परिचय दिया।
डॉ० शिवानी कर्नाटक ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन डॉ दीप्ति मिश्रा ने किया ।

