महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई में नव प्रवेशित स्वयंसेवियों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया।

एनएचएल नेटवर्क।
बेरीनाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर डी0 पी0 भट्ट जी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई में नव प्रवेशित स्वयंसेवियों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में प्राचार्य ने सर्वप्रथम हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनके व्यक्तित्व,हॉकी के क्षेत्र में योगदान और उनकी राष्ट्रीय भावना को स्वयंसेवियों के समक्ष साझा कर उनका ज्ञानवर्धन किया। इसके उपरांत प्राचार्य महोदय ने राष्ट्र और समाज के सर्वांगीण विकास हेतु स्वयंसेवियों को नि:स्वार्थ भावना से समाज सेवा एवं राष्ट्र सेवा के प्रति निरन्तर जागरूक रहने की प्रेरणा दी। बीएड विभाग के क्रीङा प्रभारी डॉ योगेश चन्द्र जोशी ने मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके कृतित्व एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के विषय में विस्तार से चर्चा की। महाविद्यालय के क्रीङा प्रभारी डॉ0 अश्विनी कुमार ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए अनुशासन और टीमवर्क की महत्ता के बारे में वृहद व्याख्यान प्रस्तुत किया। महाविद्यालय की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 मीनाक्षी गोस्वामी ने NSS में नव प्रवेशित स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्य, भूमिका एवं उसकी भावी योजनाओं से परिचित कराया। इसके बाद डॉ0 एल डी मिश्रा एवं डॉ0 एम.एस कुटियाल ने भी स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन किया। सहायक कार्यक्रम अधिकारी एवं संगीत विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डा0 अंजली देवी यादव के नेतृत्व में उद्बोधन गीत के माध्यम से स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के मध्य विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। जिसमे बच्चों ने म्यूजिकल चेयर तथा खो-खो में बढ़-कर कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंत में फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत सभी छात्र-छात्राओं को स्वस्थ रहने के लिए शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ मीनाक्षी गोस्वामी ने किया। कार्यक्रम में डॉ बीना लोहिया, डॉ0 विनीता टम्टा, डॉ बालम सिंह बिष्ट, डॉ कंचन भंडारी, डॉ वंदिता कांडपाल, डॉ दीप्ति मिश्रा समेत अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।


