धारचुला में अवैध पार्किंग पर पुलिस का कड़ा प्रहार: नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर लगे व्हील क्लैम्प, काटे गए चालान।
पिथौरागढ़ संवाददाता
धारचूला (पिथौरागढ़): कस्बे में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से आमजन को निजात दिलाने के लिए कोतवाली धारचुला पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सड़क किनारे बेतरतीब और मनमाने ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान छेड़ दिया है।
कोतवाली प्रभारी (एसएचओ) आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बा क्षेत्र के मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सघन अभियान चलाया। इस दौरान नो-पार्किंग जोन में नियमों का उल्लंघन कर खड़े किए गए वाहनों के टायरों में व्हील क्लैम्प लगाए गए और चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मनमानी पार्किंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
एक गलत पार्किंग रोक सकती है पूरे शहर की रफ्तार: पुलिस एसएचओ आशुतोष कुमार सिंह ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर गलत ढंग से खड़ा किया गया एक भी वाहन पूरे शहर की यातायात व्यवस्था को ठप कर सकता है, जिससे एंबुलेंस, स्कूल बस और आम मुसाफिरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि:
- वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें।
- यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।
- स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखें।
कोतवाली पुलिस ने दो टूक चेतावनी दी है कि सड़कों को जाममुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के लिए नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ यह दंडात्मक अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


