गणाई गंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर के रवैये पर भड़का जनाक्रोश: CMO से मिले जनप्रतिनिधि, जल्द नए डॉक्टर की नियुक्ति का मिला आश्वासन।

गणाई गंगोली/पिथौरागढ़/संवाददाता।
गणाई गंगोली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गणाई गंगोली में तैनात डॉक्टर के कथित अभद्र व्यवहार और कार्यप्रणाली से क्षेत्रीय जनता और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। डॉक्टर के इस रवैये से नाराज स्थानीय निवासियों ने अस्पताल से उक्त डॉक्टर को तत्काल हटाकर नए डॉक्टर की नियुक्ति की मांग उठाई है। मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
CMO से मिला प्रतिनिधिमंडल, सौंपा ज्ञापन
शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता अभिनेष बनकोटी और कनिष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि जसबीर डोबाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पिथौरागढ़ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. चुफाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें क्षेत्रवासियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा और गणाई गंगोली अस्पताल में जल्द से जल्द नए डॉक्टर की नियुक्ति करने की मांग की।
आंदोलन की चेतावनी-
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का स्पष्ट कहना है कि यदि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में तुरंत सुधार नहीं किया गया और वर्तमान डॉक्टर को स्थानांतरित नहीं किया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मांग उठाने वालों में ग्राम प्रधान चंदन मेहता, हरीश डसीला, गोविंद सिंह, करम सिंह, फकीर सिंह, चंदन लाल, गोपाल राम, खीम सिंह, किशन राम, कैलाश चंद्र समेत समस्त क्षेत्रवासी शामिल रहे।
जांच के आदेश, नया डॉक्टर भेजने का भरोसा-
मामले की गंभीरता को देखते हुए CMO डॉ. चुफाल ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गणाई गंगोली अस्पताल में जल्द ही नए डॉक्टर की तैनाती कर दी जाएगी। इसके साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गंगोलीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉ. उमाकांत के नेतृत्व में एक जांच टीम को गणाई अस्पताल भेजा गया है।
“गणाई गंगोली स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही नया डॉक्टर तैनात किया जाएगा। आज ही जांच के लिए डॉ. उमाकांत की टीम गणाई अस्पताल भेजी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक और सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
(CMO) पिथौरागढ़, डॉ. चुफाल

