ग्वालदम में सनसनी: जंगली जानवर का बताकर ‘कुत्ते का मांस’ बेचने की अफवाह, क्षेत्र में हड़कंप।
थराली और देवाल तक चर्चाओं का बाजार गर्म; पुलिस की छापेमारी में नहीं मिला कोई सुराग
रिपोर्ट: हरेंद्र बिष्ट
थराली/ग्वालदम। गढ़वाल और कुमाऊं की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन नगरी ग्वालदम और इसके आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों एक सनसनीखेज अफवाह ने तूल पकड़ लिया है। चर्चा है कि एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा लोगों को जंगली जानवर का मांस बताकर कथित तौर पर कुत्ते का मांस बेचा गया। इस खबर के सामने आते ही ग्वालदम, तहसील मुख्यालय थराली और विकासखंड देवाल तक हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत ग्वालदम के करुणपानी क्षेत्र के एक युवक पर पिछले कुछ दिनों से गुपचुप तरीके से यह मांस बेचने का आरोप लग रहा है। स्थानीय निवासियों के बीच यह चर्चा भी जोरों पर है कि बाजार क्षेत्र में अचानक आवारा कुत्तों की संख्या में कमी देखी गई है, जिससे अफवाहों को और बल मिल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई: संदिग्ध हिरासत में, छानबीन में कुछ नहीं मिला
जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, ग्वालदम चौकी इंचार्ज लक्ष्मण नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया और उसके घर व आसपास गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, छानबीन के दौरान पुलिस के हाथ कोई भी संदिग्ध वस्तु या आपत्तिजनक सामग्री नहीं लगी।
शर्म और झेंप के चलते बयान देने से कतरा रहे लोग
मामला संवेदनशील और अजीब होने के कारण क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कथित तौर पर मांस खरीदने वाले लोग सामाजिक झेंप और शर्म के डर से न तो खुलकर सामने आ रहे हैं और ना ही पुलिस को कोई बयान देने को तैयार हैं। यही कारण है कि तमाम दावों के बावजूद खबर की अब तक किसी भी आधिकारिक स्तर से पुष्टि नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

