चौड़मन्या रामलीला में डिग्री कॉलेज रोड को लेकर विधायक से सवाल-जवाब: 13 नवंबर से धरने की चेतावनी पर विधायक बोले- “धरने से हल नहीं होता, बजट पास हो गया है”

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग : चौड़मन्या रामलीला मंचन के दौरान डिग्री कॉलेज सड़क के निर्माण कार्य को लेकर माहौल गरमा गया। रामलीला में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा से कांग्रेस नगर अध्यक्ष आशा भैसौड़ा ने सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर सीधे सवाल किए। इस पूरे संवाद का वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में कांग्रेस नेत्री आशा भैसौड़ा विधायक से पूछती नजर आ रही हैं कि डिग्री कॉलेज की सड़क कब तक बनेगी? उन्होंने कहा कि पहले अक्टूबर में काम शुरू होने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। साथ ही उन्होंने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सड़क का काम जल्द शुरू नहीं हुआ, तो वे 13 नवंबर से धरने पर बैठने जा रही हैं।
इस पर विधायक फकीर राम टम्टा ने जवाब देते हुए कहा कि विधानसभा सत्र देर से चलने के कारण प्रक्रिया में थोड़ा समय लगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुपूरक बजट पास हो चुका है और सभी नगर पालिकाओं को बजट जा रहा है। विधायक ने आश्वासन दिया कि बजट पास होने के बाद अब 15 से 20 दिनों के भीतर सड़क का काम शुरू हो जाएगा।
आशा भैसौड़ा द्वारा दी गई धरने की चेतावनी पर विधायक ने कहा कि धरने पर बैठने से सड़कें नहीं बनतीं और न ही धरना किसी समस्या का हल है। काम नियमों और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत ही होता है।
बातचीत के अंत में आशा भैसौड़ा ने उपस्थित लोगों और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने सड़क के मुद्दे पर विधायक जी से बातचीत कर ली है और जो आश्वासन विधायक ने दिया है, वह सबके सामने है। अब क्षेत्र की जनता की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि तय समय सीमा के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू होता है या फिर कांग्रेस 13 नवंबर से आंदोलन की राह पकड़ेगी।

