FEATUREDGeneralLatestNewsppSportsuttarakhandथराली

तलवाड़ी महाविद्यालय के राहुल, साक्षी व रिले टीम ने जीते पदक, कॉलेज में हुआ भव्य स्वागत।

श्रीदेव सुमन विवि खेलकूद प्रतियोगिता: 

​थराली (हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट )।

थराली। हरिद्वार स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी (थराली) के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन कर लौटे पदक विजेताओं का महाविद्यालय परिसर में सम्मान किया गया।

​विश्वविद्यालय स्तरीय इस खेल प्रतियोगिता में गढ़वाल मंडल के कुल 53 महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। तलवाड़ी महाविद्यालय से तीन बालकों और पांच बालिकाओं सहित कुल आठ सदस्यीय दल ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

​खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन:

  • ​लंबी कूद: बीए पंचम सेमेस्टर के छात्र राहुल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
  • ​400 मीटर रिले दौड़: साक्षी, रेनुका, दीपा और नंदी की टीम ने शानदार तालमेल दिखाते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
  • ​400 मीटर बाधा दौड़: बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा साक्षी ने कड़े मुकाबले में कांस्य पदक जीता।

​प्रतियोगिता में महाविद्यालय के गौरव जोशी, दीक्षा रावत और अविनाश कुमार ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर सराहनीय खेल दिखाया।

​टीम का मार्गदर्शन कोच रजनीश कुमार और टीम प्रबंधक डॉ. पुष्पा रानी ने किया।

​पदक विजेताओं के महाविद्यालय पहुंचने पर आयोजित स्वागत समारोह में प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र और कॉलेज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि खिलाड़ी आगे भी इसी तरह अपनी प्रतिभा से नाम रोशन करेंगे। साथ ही अन्य विद्यार्थियों से भी खेल भावना और पदक विजेताओं की मेहनत से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

​इस अवसर पर कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. ललित जोशी, पीटीए अध्यक्ष विवेक रावत, एडवोकेट यशपाल सिंह फर्स्वाण सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों व कर्मचारियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

Share This News