पिथौरागढ़ जिले में भी गरज- चमक के साथ भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट की चेतावनी जारी।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के बादल लगातार बरस रहे हैं , पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक वर्षा शामा में 70 मिमी , सौंग में 55.5 मिमी , थराली में 44 मिमी , सोनप्रयाग में 28.5 , हल्द्वानी में 16.5 मिमी कर्णप्रयाग में 14 मिमी रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न स्थानों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज 07 जुलाई सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है ,जिसको लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। वही चार जिलों में भूस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज 07 जुलाई सोमवार को उत्तराखंड राज्य के देहरादून ,रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर को लेकर ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तरकाशी,चमोली,चंपावत ,नैनीताल ,पौड़ी ,उधम सिंह नगर ,हरिद्वार , अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले में भी गरज- चमक के साथ भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट की चेतावनी जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना है , वहीं कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है।

