berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

कलश यात्रा के साथ शुरू हुई श्रीमद् भागवत कथा।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।

बेरीनाग के खितौली में श्रीमद् भागवत कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ किया गया। किशोर जोशी शास्त्री की अगुवाई में ढोल नगाड़े के साथ निकाली गई शोभायात्रा में शामिल भक्तों के जयघोष और भजन कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया था। विधि विधान से पूजन के बाद कलशों की स्थापना के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ।
इस मौके पर किशोर जोशी शास्त्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत पुराण महात्म की जानकारी देते हुए कहा कि इसके श्रवण मात्र से हमारे एक जन्म नहीं अपितु हमारे कई जन्मों के पापों का नाश हो जाता है। उपस्थित श्रद्धालुओं को शास्त्री ने बताया कि यदि हमें आंतरिक शांति चाहिए तो अपने कर्तव्य का सदा ही शुद्ध मन से करने की चेष्टा बढ़ानी होगी। साथ ही उस परमात्मा को याद करने के लिए हमें कुछ समय अवश्य निकालना होगा, ताकि हमारे अंदर स्वच्छ विचारों का उदय हो सके। उन्होंने कहा कि हमें अहंकार को त्याग कर ईश्वर की भक्ति करनी होगी, इसी से शांति की प्राप्ति होगी। शास्त्री ने कहा कि व्यक्ति के पास सुख सुविधाओं के बहुत साधन हो पर मन को शांति ना हो तो उसे कुछ अच्छा नहीं लगता और जिसके मन में शांति हो उसे किसी भौतिक वस्तु की जरूरत नहीं होती। अगर मन शांत है तो कोई भी अवगुण हमारे अंदर प्रवेश नहीं कर सकता। मन के शांत होने का अर्थ इच्छाओं का समाप्त हो जाना है। जब हमारी इच्छाएं पूरी तरह से शांत हो जाती हैं, तो आम मनुष्य भी महान संत स्वरूप हो जाता है। किशोर जोशी शास्त्री ने कहा कि इच्छाओं से ही सारे अवगुण प्राप्त होते हैं। मोह-माया और अहंकार यह सब इच्छाओं से ही उत्पन्न होते हैं। जितनी अधिक इच्छाएं बढ़ती हैं उतना ही अधिक दुख भोगना पड़ता है। क्योंकि एक जन्म में सभी इच्छाएं मनुष्य की पूरी नहीं होती। अंत में सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण के साथ कथा संपन्न हुई। इस अवसर पर भुवन चन्द्र पन्त, भगवती प्रसाद पंत, धीरज पन्त, तारा चन्द्र पन्त, रमेश चन्द्र पन्त, ख्याती पन्त, राजेश पन्त हरीश पन्त, कैलाश चन्द्र पन्त, आनन्द पन्त सहित समस्त ग्रामीण कथा में उपस्थित रहे।

Share This News