SIR अभियान में तेजी लाने के निर्देश, जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय पहुंचकर कार्यों की समीक्षा की ।

एनएचएल नेटवर्क📡
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने आज तहसील कार्यालय पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, ईएफ (Enumeration Forms) अपलोडिंग तथा बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्धारित समयावधि के भीतर शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी BLO को ईएफ डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने तथा प्रतिदिन की उपलब्धियों का नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या के कारण गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में कठिनाई आ रही है, वहां संबंधित कार्मिक तहसील कार्यालय में स्थापित सुविधाओं का उपयोग कर कार्य पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नेटवर्क संबंधी समस्याएं अभियान की प्रगति में बाधक न बनें तथा सभी लंबित प्रपत्रों का शीघ्र डिजिटाइजेशन किया जाए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार से अभियान की वर्तमान स्थिति, प्राप्त गणना प्रपत्रों की संख्या, डिजिटाइजेशन की प्रगति तथा शेष कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रगति प्रतिशत में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने तथा लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा कार्यों की दैनिक समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर जीतेन्द्र वर्मा, तहसीलदार सदर विजय गोस्वामी, निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

