पत्नी और बेटी के सामने गंगा की तेज लहरों में बहा सॉफ्टवेयर इंजीनियर, सर्च ऑपरेशन जारी।

एनएचएल नेटवर्क📡
देहरादून। उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां गाजियाबाद से घूमने आए एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। गंगा नदी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर तेज बहाव में बहकर लापता हो गया, जिसे उसकी पत्नी और मासूम बेटी ने अपनी आंखों के सामने नदी की लहरों में खोते देखा।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन अपने परिवार के साथ उत्तराखंड घूमने आए थे। वे अपने एक मित्र के परिवार के साथ ऋषिकेश के कौड़ियाला क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। 6 जून की शाम मौसम सुहावना होने पर दोनों परिवार गंगा घाट के किनारे टहलने और तस्वीरें लेने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान सभी लोग गंगा की लहरों के साथ यादगार पल कैद करने की कोशिश कर रहे थे कि अचानक सेल्फी लेते समय आशीष जैन का पैर फिसल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। गंगा का तेज बहाव उन्हें कुछ ही क्षणों में बहा ले गया और वह लहरों में ओझल हो गए। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना तुरंत आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस चौकी बछेलीखाल से टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी तुरंत बुलाया गया। अंधेरा होने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने गंगा नदी में राफ्ट उतारकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और लगातार तलाश जारी रखी।
होटल स्टाफ के अनुसार हादसा अचानक हुआ और किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। वहीं चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार नदी के बहाव में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद वे गाजियाबाद से ऋषिकेश के लिए रवाना हो गए हैं।
फिलहाल लापता सॉफ्टवेयर इंजीनियर की तलाश में एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम गंगा नदी में लगातार अभियान चला रही है, जबकि परिवार गहरे सदमे में है और मौके पर माहौल बेहद भावुक बना हुआ है।
ऋषिकेश। कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा नदी की तेज धारा में बहकर लापता हुए गाजियाबाद निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आशीष जैन की तलाश रविवार को दूसरे दिन भी जारी रही। SDRF की डीप डाइविंग टीम ने घटनास्थल से लेकर डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों तक राफ्ट और विशेष उपकरणों की मदद से व्यापक सर्च अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
इस दौरान सर्च ऑपरेशन के दौरान SDRF टीम को कौड़ियाला क्षेत्र में नदी के भीतर एक अज्ञात महिला का शव दिखाई दिया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित रूप से ब्यासी रोड हेड तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है, जबकि SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम लापता आशीष जैन की तलाश लगातार जारी रखे हुए है।

